शिवराज के घर डिनर के लिए पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे

ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद प्रदेश की राजनीति के सियासी समीकरण बदल गए हैं। गुरुवार को सिंधिया का भोपाल में शानदार स्वागत भाजपा नेताओं ने किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान खुद सिंधिया के स्वागत के लिए भाजपा कार्यालय के गेट पर खड़े रहे। रात करीब 10 बजे ज्योतिरादित्य सिंधिया 74 बंगला स्थित शिवराज सिंह चौहान के निवास पर डिनर के लिए पहुंचे। उधर रात को पॉलिटेक्निक चौराहे पर रात को एक बार फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंधिया को काले झंडे दिखाए। 


शिवराज सिंह चौहान के डिनर टेबल पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, नरोत्तम मिश्रा, यशोधरा राजे सिंधिया, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा और भूपेंद्र सिंह मौजूद थे। शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह ने सभी को भोजन परोसा। डिनर के बाद थोड़ी देर सिंधिया सभी से बातचीत करते रहे फिर होटल चले गए। सिंधिया आज विधायक नरोत्तम मिश्रा के यहां लंच के लिए जाएंगे। 


शुक्रवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया एक बार फिर से भाजपा कार्यालय जाने वाले हैं।  यहां से वो राज्यसभा के लिए नामांकन भरने विधानसभा जाएंगे। बताया जा रहा है कि सिंधिया जुलूस के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ नामांकन भरने जाएंगे। दोपहर बाद सिंधिया विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।